/शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 288 ग्राम चिट्टा बरामद; हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 288 ग्राम चिट्टा बरामद; हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार

ISBT शिमला में स्पेशल सेल की कार्रवाई, इस वर्ष की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई।


शिमला, 2 अप्रैल।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो


हिमाचल की राजधानी के जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा (हेरोइन) की खेप बरामद की है।

पुलिस थाना बालूगंज में इस संबंध में अभियोग संख्या 54/26 दिनांक 24 मार्च 2026 को अधीन धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ISBT शिमला क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा लेकर ISBT के प्रथम तल पर घूम रहा है और स्थानीय युवाओं को नशा बेचने की फिराक में है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिए के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर रोका। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान शमशाद अहमद (42 वर्ष), निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई। गवाहों की मौजूदगी में जब उसके कैरी बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 288 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।


पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और अगले दिन 25 मार्च 2026 को उसे माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।


पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इस नशीले पदार्थ की सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से कर रहा था।


शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।