प्रोफेसर रणजोध सिंह की माता के निधन पर दो मिनट का मौन
नालागढ़, 6 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक आज प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक की शुरुआत प्रोफेसर रणजोध सिंह की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर की गई।

इसके पश्चात बैठक में क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संघ ने किनवीन फैक्ट्री द्वारा फैलाए जा रहे वायु, ध्वनि एवं जल प्रदूषण पर कड़ा रोष जताते हुए सरकार से तत्काल प्रभाव से इस पर रोक लगाने की मांग की।
संघ ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में पेंशनरों के बकाया एरियर को लेकर कोई घोषणा न किए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की। इसके साथ ही बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना का टेंडर बार-बार रद्द होने पर भी सवाल उठाए गए।

संघ का कहना है कि सड़क निर्माण में देरी के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि सरकार द्वारा घोषणा के बावजूद पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने मांग की कि पेंशनरों के बकाया एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए तथा महंगाई भत्ता (DA) भी जल्द जारी किया जाए।

इस अवसर पर महासचिव कैलाश राणा, यशपाल रनोट, अदित कांसल, प्रो. रणजोध सिंह, भजू राम, बंता राम, सुशील कुमार, तीर्थ राम शर्मा, हेमराज भंडारी, राम नरेश गुप्ता, बक्शी राम, सोहन लाल चंदेल, मास्टर प्रेम जी, हरदित सिंह, चन्द्रमनी, किरण बाला, ठाकुर सिंह, प्रेम चंद, ईश्वर सिंह तथा गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त एसपी) सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।









