/‘व्यवस्था परिवर्तन’ बना ‘व्यवस्था पतन’: सुधीर शर्मा

‘व्यवस्था परिवर्तन’ बना ‘व्यवस्था पतन’: सुधीर शर्मा

शिमला 8 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के भीतर हालात पूरी तरह बिगड़ चुके हैं और “अब कुछ भी ठीक नहीं बचा है।”

उन्होंने कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन” का नारा देकर सत्ता में आई कांग्रेस अब “व्यवस्था पतन” की ओर बढ़ रही है। पार्टी के भीतर बढ़ती अंतर्कलह और असंतोष से शासन और संगठन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

शर्मा ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेता खुद को उपेक्षित और बेबस महसूस कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री की “मित्र सेना” के इर्द-गिर्द ही निर्णय लिए जा रहे हैं। “जब वरिष्ठ नेताओं के काम नहीं हो पा रहे, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अब “सरकार कम, संघर्ष ज्यादा” बन गई है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।

अंत में शर्मा ने दावा किया कि प्रदेश की जनता आने वाले समय में इस “अव्यवस्था और अहंकार” का जवाब देने के लिए तैयार है।