/धारठ गांव में सेटलमेंट प्रक्रिया पर भारी बवाल

धारठ गांव में सेटलमेंट प्रक्रिया पर भारी बवाल

किसानों ने राजस्व विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा , धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी।

सोलन( अर्की) 9 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

जिला सोलन के धारठ गांव में राजस्व विभाग की सेटलमेंट प्रक्रिया अब किसानों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है।

जमीन के रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी और शिकायतों के समाधान में देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सेटलमेंट विंग के तहसीलदार अपनी पूरी टीम के साथ आज सिद्ध के थेडा के पास धारठ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं।

बड़ी संख्या में किसान मौके पर एकत्र हुए और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।

किसानों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी उनके सवालों का स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे, जिससे लोगों में निराशा और गुस्सा दोनों बढ़ गया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा खरीदी गई करीब 39 बीघा जमीन को सेटलमेंट प्रक्रिया के दौरान रजिस्ट्री रिकॉर्ड को नजरअंदाज करते हुए 41 बीघा कर दिया गया। किसानों का कहना है कि यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे उनकी पुस्तैनी हक हकूकों /जमीनों पर भी असर पड़ रहा है।

धारठ गांव के प्रभावित किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार विभाग के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मौके पर उपस्थित किसानों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए अधिकारियों को लिखित रूप में अपना विरोध सौंपा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया और जमीन से जुड़ी विसंगतियों को दूर नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

किसानों ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम और अन्य विरोध प्रदर्शन किए जा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि उनके अधिकारों और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग अब प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।