बद्दी, 9 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस थाना बद्दी ने लूट और चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता यूसुफ अली पुत्र मुकीन शाह, निवासी गांव जोरासी, तहसील बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में गांव नरंगपुर, तहसील बद्दी में किरायेदार के रूप में रह रहे हैं, ने 8 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में बताया गया कि 4 अप्रैल 2026 को उनकी अनुपस्थिति में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी को पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाकर मोबाइल फोन और लगभग 2 से 3 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 की रात को उनकी दुकान से करीब 1 से 2 किलोग्राम तांबा और पीतल भी चोरी कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और 8 अप्रैल 2026 को आरोपी साहिल (23 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार, निवासी मानपुर (फौजी कॉलोनी), तहसील बद्दी, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया जा सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।










