/बद्दी में लूट व मारपीट का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार

बद्दी में लूट व मारपीट का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार

बद्दी, 10 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

पुलिस थाना बद्दी के तहत लूट और मारपीट के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता लवकुश पुत्र रामचन्द्र (निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी हरियाणा) ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 9 अप्रैल को गोल मार्केट, साई रोड बद्दी के पास 5 अज्ञात व्यक्तियों ने उसे घेर लिया।

आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और डराकर फोन का पासवर्ड हासिल कर लिया और आरोपियों ने PhonePe के माध्यम से ₹6000/- की राशि उसके खाते से अपने खाते में ट्रांसफर कर ली और मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी जसवीर सिंह उर्फ जर्सी (निवासी मखनुमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।