मंडी 13 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सरकाघाट में एक छात्रा के साथ हुई निर्मम हत्या की घटना को लेकर प्रदेशभर में गहरा आक्रोश व्याप्त है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल देवभूमि हिमाचल की छवि को झकझोर दिया है, बल्कि आम लोगों, विशेषकर बेटियों के परिजनों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
लोगों का कहना है कि जिस प्रदेश को अब तक सुरक्षित माना जाता था, वहां इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई के बजाय मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों को ही रोका जाता रहा, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
वहीं, सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी गंभीर घटनाओं पर सख्त और त्वरित कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त हो सकें।
जनमानस ने मांग की है कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अंत में, लोगों ने दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।









