/हिमुडा निदेशक मंडल की बैठक: किफायती आवास और नई टाउनशिप परियोजनाओं को मंजूरी

हिमुडा निदेशक मंडल की बैठक: किफायती आवास और नई टाउनशिप परियोजनाओं को मंजूरी

शिमला, 9 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मंत्री राजेश धर्माणी ने आज हिमुडा (HIMUDA) के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमुडा राज्य में किफायती आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और नियोजित टाउनशिप के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए राज्य सरकार महत्त्वाकांक्षी टाउनशिप परियोजनाएं शुरू कर रही है।

बैठक में सोलन जिले के बद्दी के शीतलपुर में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के निकट लुंज में प्रस्तावित नई टाउनशिप परियोजनाओं के लिए 5 करोड़ रुपये के प्रारंभिक प्रावधान के साथ गतिविधियां शुरू करने को मंजूरी दी गई।

मंत्री ने बताया कि शिमला के निकट जाठिया देवी में प्रथम चरण में हिमुडा 241 बीघा भूमि में लगभग 1327 करोड़ रुपये की लागत से 919 आवासीय यूनिट विकसित करेगा, जिससे शिमला में भीड़-भाड़ कम करने और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में ओलंपिक/एशियन गेम्स पदक विजेताओं, गैलेंट्री अवॉर्ड विजेताओं और चिल्ड्रन ब्रेवरी अवॉर्डीज के लिए आवासीय प्लॉट और फ्लैट में विशेष कोटा रखने का भी निर्णय लिया गया।

इसके अलावा, जिला बिलासपुर के घुमारवीं में लगभग 7.69 करोड़ रुपये की लागत से 17 दुकानों और 2 हॉल के साथ कार्यकारी अभियंता कार्यालय के व्यावसायिक परिसर के निर्माण को मंजूरी दी गई। वहीं जिला कांगड़ा के श्री ज्वाला जी शक्ति विहार कॉलोनी में 18.61 करोड़ रुपये की लागत से 125 कनाल भूमि पर 130 प्लॉट और कमर्शियल स्पेस विकसित करने को स्वीकृति प्रदान की गई।

निदेशक मंडल ने ऊना के छेत्रा क्षेत्र में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं को भी मंजूरी दी। साथ ही हिमुडा द्वारा अलॉटमेंट लेटर जारी होने के 45 दिनों के भीतर एकमुश्त भुगतान करने पर 5% छूट देने, भूमि मालिकों की सहमति से लैंड पूलिंग पॉलिसी के माध्यम से नई कॉलोनियां विकसित करने तथा सरकारी आवासों के रखरखाव के लिए बाय-बैक और रिडेवलपमेंट पॉलिसी को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, बोर्ड सदस्य प्रदीप सूर्या, जितेंद्र चंदेल और राजेश बनियाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।