/हिमाचल में इस बार होगी शराब ठेकों और टोल बैरियरों की ई-नीलामी।

हिमाचल में इस बार होगी शराब ठेकों और टोल बैरियरों की ई-नीलामी।

प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन

शिमला, 15 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यवसाय करने में सुगमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य कर एवं आबकारी विभाग वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए खुदरा आबकारी शराब ठेकों तथा प्रवेश टोल बैरियरों का आवंटन राज्य के इतिहास में पहली बार पूर्णतः ऑनलाइन ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से करेगा।


विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ई-नीलामी इकाई-वार आयोजित की जाएगी। प्रत्येक इकाई में शामिल खुदरा आबकारी शराब ठेकों के लिए अलग-अलग ऑनलाइन बोलियां आमंत्रित की जाएंगी। इच्छुक आवेदक अपने घर या कार्यालय से ही दूरस्थ रूप से बोली प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।


राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. यूनुस ने बताया कि सभी आवेदकों के लिए मान्य डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) के माध्यम से नामित ई-नीलामी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा की गई बोलियां ही स्वीकार की जाएंगी।

ई-नीलामी पोर्टल का लिंक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.hptax.gov.in� पर उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने कहा कि संभावित बोलीदाताओं को प्रक्रिया में भाग लेने से पहले आबकारी नीति 2026–27, मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) और उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। ये दस्तावेज विभागीय वेबसाइट और ई-नीलामी पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगे।


ई-नीलामी से संबंधित अद्यतन जानकारी, अधिसूचनाएं और विस्तृत निर्देशों के लिए इच्छुक बोलीदाताओं को नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।

सुगम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0177-2620426, व्हाट्सऐप नंबर 94183-31426, साउथ जोन 0177-2620426, नॉर्थ जोन 01894-230186 और सेंट्रल जोन 01905-223499 भी जारी किए गए हैं।


यह पहल राज्य में आबकारी और टोल आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।