/एपीआई यूनिट से प्रदूषण का मामला सदन में गूंजा, 25–30 गांव प्रभावित।

एपीआई यूनिट से प्रदूषण का मामला सदन में गूंजा, 25–30 गांव प्रभावित।

शिमला, 19 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान गत डीजनालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रदूषण से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को सदन के ध्यान में लाया।

मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत गोलजमाल के पलासड़ा गांव में लगभग डेढ़ सौ बीघा भूमि पर स्थापित एपीआई यूनिट के कारण आसपास के 25 से 30 गांवों तथा नगर परिषद क्षेत्र के लोग प्रभावित हो रहे हैं।

हरदीप सिंह बावा ने कहा कि यूनिट से फैल रही तीव्र बदबू के कारण स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का जीवन प्रभावित हो गया है।

हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई लोग क्षेत्र से पलायन करने तक की सोच रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर लगातार जनसभाएं आयोजित हो रही हैं और लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध कराई गई विस्तृत जानकारी के आधार पर तत्काल उचित कार्रवाई करे।

जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह एयर और वाटर पॉल्यूशन से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सदन में दी गई जानकारी को गंभीरता से लिया जाएगा और पॉल्यूशन व पर्यावरण विभाग को विशेष निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके तथा की गई कार्रवाई से संबंधित सदस्य को अवगत कराया जाए।