/हिम केयर योजना को बदनाम करने से बाज आएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर

हिम केयर योजना को बदनाम करने से बाज आएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर

बोले नेता प्रतिपक्ष—योजना का लाभ न मिलने से अपनों को खोने वाले परिवारों से माफी मांगें सुक्खू

मंडी 5 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर हिम केयर स्वास्थ्य योजना को लेकर जनता को गुमराह करने और पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू की गई लोकप्रिय योजनाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस योजना पर बेतुकी और तथ्यहीन टिप्पणियां करने के बजाय उन परिवारों से माफी मांगनी चाहिए, जिन्हें कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में योजना का लाभ नहीं मिलने के कारण अपने परिजनों को खोना पड़ा।

भरमौर में मुख्यमंत्री द्वारा हिम केयर योजना को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री अभी भी पूर्व भाजपा सरकार को निशाना बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि चार वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों की सुध नहीं लेने वाली सरकार अब अपनी विदाई नजदीक देखकर वहां पहुंच रही है और जनता को भ्रमित करने के लिए पुरानी योजनाओं पर सवाल उठा रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू की गई हिम केयर योजना प्रदेश के लाखों लोगों के लिए वरदान साबित हुई थी। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 80 लाख लोगों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने योजना को बंद करने और इसके बजट पर रोक लगाने के प्रयास किए, लेकिन भाजपा विधायक दल के विरोध के चलते ऐसा नहीं कर पाई।

उन्होंने आरोप लगाया कि टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में ऐसे मामले सामने आए, जहां हिम केयर कार्ड होने के बावजूद मरीजों को निःशुल्क उपचार की सुविधा नहीं मिली। उनके अनुसार, कुछ लोगों को आर्थिक तंगी के कारण अपनी जान तक गंवानी पड़ी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि यदि सरकार स्वयं कोई नई जनकल्याणकारी योजना शुरू नहीं कर पा रही है तो कम से कम पहले से चल रही लाभकारी योजनाओं को कमजोर और बदनाम करने का प्रयास न करे।

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक अस्थिरता का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर हार और पंचायतीराज एवं स्थानीय निकाय चुनावों में मिली शिकस्त के बाद मुख्यमंत्री अपनी साख बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर भी नेतृत्व को लेकर असंतोष है और पार्टी के कुछ नेताओं तथा मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर रही है।

आपदा में दिवंगत लोगों की आत्मिक शांति के लिए देजी पंचायत में भागवत कथा

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कथा में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं को दी श्रद्धांजलि

सराज। वर्ष 2025 में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देजी में बाढ़ की चपेट में आकर असमय जान गंवाने वाले लोगों की आत्मिक शांति के लिए पंचायतवासियों द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया।

इस धार्मिक एवं भावुक आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से सभी पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने आपदा में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं।