शिमला, 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल की राजधानी शिमला शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस शिमला ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

इस दौरान कई स्थानों से अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाया गया और चालान भी किए गए।
पुलिस के अनुसार अभियान के तहत ऑकलैंड स्कूल क्षेत्र तथा संजौली थाना से नवबहार मार्ग तक सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों पर कार्रवाई की गई।

यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे वाहनों को मौके से हटाया गया और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान किए गए।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 122 और 127 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 15 के तहत की गई है।

इन प्रावधानों के अनुसार ऐसे स्थानों पर वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है जहां से यातायात बाधित होता है या राहगीरों को खतरा हो। साथ ही पुलिस को अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाने का अधिकार भी है।

जिला पुलिस शिमला ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क किनारे की अवैध पार्किंग न केवल यातायात को प्रभावित करती है बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी सुरक्षा जोखिम पैदा करती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






