/मोबाइल लोकेशन से खुला चिट्टा तस्करी का राज।

मोबाइल लोकेशन से खुला चिट्टा तस्करी का राज।

जुब्बल पुलिस ने 15 ग्राम और हेरोइन की बरामद।

शिमला, 20 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना जुब्बल में दर्ज अभियोग संख्या 29/2026 (धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम) की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी रविंद्र कुमार के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें 13 अलग-अलग लोकेशन प्राप्त हुईं। इन लोकेशनों के आधार पर 17 और 18 जुलाई को आरोपी से लगातार दो दिनों तक निशानदेही करवाई गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी चिट्टा/हेरोइन को विभिन्न स्थानों पर छिपाकर उनकी लोकेशन अपने मुख्य सप्लायर, जो पंजाब का निवासी है, को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजता था।

आरोपी की निशानदेही एवं मोबाइल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एनएच-705 पर सनाभा (खड़ापत्थर) से सरस्वती नगर के बीच चिन्हित स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से लगभग 5-5 ग्राम के हिसाब से कुल करीब 15 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले 15 जुलाई 2026 को आरोपी के कब्जे से करीब 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया था। इस प्रकार मामले में अब तक कुल लगभग 25 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की जा चुकी है।

फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और मामले में मुख्य सप्लायर सहित अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने कहा है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।