68 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच।
नालागढ़ (रिया), 20 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पल्ली की ओर से रविवार को पंचायत घर रिया में स्वस्थ जीवनशैली जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंजी लाल ने किया।

शिविर में 68 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान मधुमेह (शुगर), हीमोग्लोबिन (एचबी) और रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
डॉ. कुंजी लाल ने कहा कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को शराब, सिगरेट और नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु में सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट के संक्रमण, एसिडिटी, फंगल संक्रमण और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आयुर्वेद के अनुसार इस मौसम में पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है, इसलिए हल्का एवं ताजा भोजन करें, बाहर का खुला एवं कटे फल खाने से बचें तथा केवल उबला या शुद्ध पानी ही पिएं।
डॉ. कुंजी लाल ने लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी एवं रिपेलेंट का उपयोग करने तथा तेज बुखार या लगातार स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्रीमती संदीप कुमारी नायर एवं श्री सादिक अली ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सर्वांगासन, धनुरासन, मकरासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम तथा शीर्षासन सहित विभिन्न योगाभ्यास करवाए।
इस अवसर पर आयुर्वेद फार्मा अधिकारी श्रीमती दर्शना देवी, पंचायत प्रधान श्रीमती बलजीत कौर, उपप्रधान श्री भगत सिंह, सचिव भगत सिंह, दसोदी खान, मुकेश कुमार, गुरमुख सिंह, दीवान चंद, सलमान, सदेश कौर, देवराज, लखविंदर सिंह, शाम लाल, अजैब सिंह नायर, पवन कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।









