बद्दी, 19 सितंबर।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
बद्दी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव चक्का में कार्रवाई करते हुए 3.532 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी कोt गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशों पर स्पेशल सेल-एक्स की टीम को 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि चक्का गांव में एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से दो प्लास्टिक के लिफाफों में कुल 3.532 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गोविन्द कुमार सिंह पुत्र जनारधन सिंह निवासी गांव नाईका लोहा टोला, तहसील एवं थाना रिविलगंज, जिला सारण, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
बद्दी पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध नशा गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।









