/स्वास्थ्य मंत्री ने सायरोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का किया शुभारम्भ

स्वास्थ्य मंत्री ने सायरोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का किया शुभारम्भ

सोलन (अर्की), 19 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने शुक्रवार शाम सोलन जिला के अर्की में आयोजित राज्य स्तरीय सायरोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेशवासियों को सायर उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि सायर उत्सव हिमाचल की प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृति का परिचायक है। यह उत्सव पिछले 300 से अधिक वर्षों से पारंपरिक रूप से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले और उत्सव लोगों के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

डॉ. शांडिल ने युवाओं से अपनी संस्कृति को समझने और उसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, नेरचौक मेडिकल कॉलेज तथा चमियाणा अस्पताल में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। इससे प्रदेश के मरीजों को उपचार के लिए बाहरी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने अर्की में डायलिसिस केंद्र खोलने तथा कुनिहार अस्पताल को स्थानांतरित करने का भी आश्वासन दिया।
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों को सायरोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

द्वितीय सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी अवस्थी, खंड कांग्रेस अर्की अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की अध्यक्ष सीमा शर्मा, पार्षदगण, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उप पुलिस अधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झालटा, उप पुलिस अधीक्षक सोलन अशोक चौहान, कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।