/आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर।

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर।

चम्बा, 18 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य एवं योजना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक उपकरणों की खरीद, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार तथा स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की आवश्यकताओं, उपलब्ध स्वास्थ्य उपकरणों तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद और अन्य प्रस्तावित कार्यों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण की जाएं, ताकि निर्धारित प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके और इन सुविधाओं का लाभ आमजन को जल्द मिल सके।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर भी बल दिया।
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. पंकज गुप्ता तथा जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।