‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित
सोलन, 18 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अति गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशहाली लाना है। इसके लिए सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।


डॉ. शांडिल आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय कंडाघाट में योजना के नए लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी परिवार अभाव में न रहे और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान एवं गरिमा के साथ जीवनयापन कर सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीपीएल श्रेणी में शामिल किए गए जरूरतमंद परिवारों को ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया है। अब तक कंडाघाट विकास खंड में 798 तथा सोलन विकास खंड में 713 परिवारों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है। पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पात्र परिवारों को हिमकेयर, सहारा योजना, स्वरोजगार के साधन, आवास सहायता, सस्ता राशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली, पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता तथा समय पर पेंशन सहित विभिन्न सुविधाओं की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग दो लाख अति निर्धन लोगों को इन सुविधाओं से लाभान्वित करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि पात्र परिवार 20 सितंबर 2026 तक अधिकृत कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर ने बताया कि बेसहारा, वृद्धजन, विधवा, तलाकशुदा, दिव्यांग, गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति तथा ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 75 हजार रुपये या इससे कम है, योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पात्र लोगों को विकलांगता प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की प्रति तथा स्वघोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।
खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओमप्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति अध्यक्ष अमित ठाकुर, कंडाघाट पंचायत समिति अध्यक्ष इंदिरा चौहान, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी कंडाघाट रक्षा देवी, तहसील कल्याण अधिकारी भूपाल भरत सहित ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के लाभार्थी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।










