सोलन (अर्की), 18 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
अर्की के ऐतिहासिक राज्य स्तरीय सायरोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ विधायक संजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था के परिचायक हैं।

संजय अवस्थी ने राज्य स्तरीय सायरोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि मेलों के माध्यम से लोगों को आपसी मेल-जोल बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मेलों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी पुरातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।

उन्होंने कहा कि अर्की का सायरोत्सव अत्यंत प्राचीन मेला है, जो लगभग 388 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। आज भी यह मेला क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बना हुआ है।

विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पिछले वर्षों के दौरान विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, विद्युत सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
प्रथम सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक गौरव कौंडल, हेमंत शर्मा, काकू ठाकुर सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक झूमते नजर आए।

इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी अवस्थी, खंड कांग्रेस अर्की अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की अध्यक्ष सीमा शर्मा, पार्षदगण, अडानी सीमेंट प्लांट के मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार, एसडीएम अर्की निशांत तोमर, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा, डीएसपी सोलन अशोक चौहान, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










