देवेंद्र वोहरा की मौत के बाद प्रभावी कार्रवाई की मांग तेज।
कुमारहट्टी, 16 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ मनमोहन सिंह दानिश
सोलन जिले के कुमारहट्टी में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक आवारा बैल के हमले में स्थानीय प्रतिष्ठित नागरिक देवेंद्र वोहरा की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने आए उनके पुत्र को भी बैल ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं, कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों की माने तो वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रभावी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। लोगों को बाजारों में आवारा पशुओं से बचने के लिए रास्ता बदलना पड़ता है, सुबह की सैर पर लाठी लेकर निकलना पड़ता है और बंदरों से बचाव के लिए घरों में जालियां लगानी पड़ती हैं।
लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी आवारा कुत्तों और बंदरों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
धर्मपुर में बंदरों के हमले से एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग भी इन हमलों में घायल हो चुके हैं।
स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में आवारा पशुओं, कुत्तों और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही कुमारहट्टी फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फ्लाईओवर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है और यहां सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों की तरह आवारा पशुओं, कुत्तों और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए भी व्यापक और प्रभावी अभियान शुरू किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।










