/बिजली के अघोषित कट से खेड़ा वार्ड-4 के लोग परेशान।

बिजली के अघोषित कट से खेड़ा वार्ड-4 के लोग परेशान।

दोपहर से गुल है बिजली
गर्मी से नवजात, बीमार और बुजुर्ग बेहाल, रोजाना बिजली कटौती से लोगों में रोष

नालागढ़, 30 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक क्षेत्र के समीप स्थित खेड़ा वार्ड-4 के लोग इन दिनों लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। रविवार दोपहर से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण देर रात तक लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। बिजली न होने से उमस और गर्मी के बीच नवजात बच्चों, बीमार लोगों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खेड़ा वार्ड-4 में आए दिन बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है, जिससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है।

लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि एक ओर आसपास का औद्योगिक क्षेत्र रात-दिन चमचमाती रोशनी में नजर आता है, वहीं उद्योगों के बीच बसे गरीब और आम परिवारों के घरों में बिजली गुल होने से बच्चे अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

लोगों ने सवाल उठाया कि यदि क्षेत्र में रोजाना बिजली कटौती हो रही है तो विभाग द्वारा इसकी पूर्व सूचना क्यों नहीं दी जाती और खराब आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे।

लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि खेड़ा वार्ड-4 में बार-बार हो रही बिजली कटौती की जांच कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा बिना सूचना बिजली बंद करने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए।

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी रोष है कि “चमचमाते उद्योगों के सामने आम गरीब परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। आखिर इस प्रदेश में गरीब की सुनवाई कब होगी?”

इस बारे में जब हिम नयन न्यूज ने विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता से बात की तो उन्होंने आज फिर लाइन में फॉल्ट होने की बात कही, लेकिन हर रोज के कट पर उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया न ही आज के फॉल्ट के ठीक होने का दिन और समय बताया।