सोलन10 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोलन पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च 2026 से 4 नवंबर 2026 तक जिले में शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए लोगों के कुल 2,716 चालान किए गए हैं।
माहवार आंकड़ों के अनुसार मार्च में 89, अप्रैल में 172, मई में 229, जून में 255, जुलाई में 525, अगस्त में 642, सितंबर में 368, अक्टूबर में 381 तथा नवंबर माह में 4 नवंबर तक 55 चालान किए गए।
पुलिस के अनुसार मार्च माह से लगातार कार्रवाई तेज की गई है। इसके तहत जिलेभर में विशेष नाकाबंदी और ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की जा रही है। विशेष रूप से रात के समय, सप्ताहांत, पर्यटन सीजन और त्योहारों के दौरान पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
सोलन पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि शराब का सेवन करने के बाद स्वयं वाहन चलाने के बजाय किसी अन्य चालक की व्यवस्था करें या वैकल्पिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









