/नालागढ़ फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, FIR के 5 घंटे के भीतर आरोपी साहिल हिरासत में

नालागढ़ फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, FIR के 5 घंटे के भीतर आरोपी साहिल हिरासत में


खरड़ से पकड़ा गया आरोपी, फायरिंग में प्रयुक्त हथियार की तलाश और जांच जारी।

नालागढ़ 11नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक नगरी बीबीएन के नालागढ़ स्थित रामशहर रोड पर लकड़ी डिपो के पास मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पर हुई फायरिंग के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज होने के मात्र पांच घंटे के भीतर आरोपी साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी नालागढ़ को खरड़ से हिरासत में ले लिया है।

इस फायरिंग में वार्ड नंबर-7 निवासी मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पुत्र गुलाम रसूल घायल हुआ था।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह पुत्र संतोख सिंह, निवासी गांव पन्नर, तहसील नालागढ़ की शिकायत पर 10 नवंबर 2026 को पुलिस थाना नालागढ़ में धारा 109 व 351(2) BNS तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को खरड़ से हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।