सोलन (रामशहर), 30 अगस्त
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में गत शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट बदली और करीब ढाई घंटे तक जमकर बारिश हुई। दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुई बारिश शाम 5 बजे तक जारी रही। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर आ गए।

गुरुकुंड में भारी बारिश के चलते चिकनी नदी तेज बहाव के साथ उफान पर रही, जबकि गडॉन खड़ भी पुल के ऊपर से बहती नजर आई।
नदी-नालों के रौद्र रूप को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली, वहीं क्षेत्र के किसानों और बागवानों ने इसे नगदी फसलों के लिए लाभदायक बताया।
स्थानीय किसानों के अनुसार बारिश से फसलों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है।

तहसीलदार रामशहर अभिषेक सिंह ठाकुर तथा नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से नदी-नालों के समीप न जाने और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने हल्का पटवारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के निर्देश जारी किए हैं।

समाचार लिखे जाने तक बारिश का क्रम कुछ हद तक थम चुका था, लेकिन आसमान में काले घने बादल छाए हुए थे। बारिश के कारण क्षेत्र के कई छोटे नदी-नाले तेज बहाव में बह रहे थे।
हालांकि रामशहर क्षेत्र में रोजमर्रा की आवाजाही सामान्य रूप से सुचारू रही।










