चंडीगढ़, 30 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में सोमवार, 31 अगस्त को होने वाले छात्र चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पीयूसीएससी के भावी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अंकित बिढान के समर्थन में छात्र-छात्राओं से वोट, सपोर्ट और उन्हें विजयी बनाने की अपील की है।

एबीवीपी के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि अंकित बिढान को भारी समर्थन देकर विजयी बनाएं और उनके सिर पर जीत का सेहरा बांधें।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में छात्र हितों तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

स्वस्तिक गौतम ने कहा कि एबीवीपी लगातार विश्वविद्यालय के छात्र हितों को प्राथमिकता देती रही है और इसी का परिणाम है कि संगठन विभिन्न यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट्स में अध्यक्ष सहित डीआर पदों पर दोबारा मजबूत स्थिति बनाने में सफल हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में एबीवीपी बेहतर प्रदर्शन करेगी तथा सितंबर में होने वाले ऑफिस बियरर चुनाव में भी संगठन अपना परचम लहराएगा।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं में अंकित बिढान के समर्थन को लेकर उत्साह है और उन्हें अग्रिम बधाई देने के लिए विद्यार्थी आगे आ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि अंकित बिढान विजयी होते हैं तो वे छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय प्रशासन की उनसे जुड़ी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
स्वस्तिक गौतम ने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी के साथ-साथ विश्वविद्यालय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी। अंकित बिढान का लक्ष्य पूरे विश्वविद्यालय क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के समान विकास सुनिश्चित करना और छात्र हितों को प्राथमिकता देना रहेगा।










