रामशहर, 30 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान आसमान में काले घने बादल छाए रहे और गरज-चमक के साथ बारिश होती रही है।

बारिश के कारण शाम करीब 5:10 बजे रामशहर से लगभग छह किलोमीटर दूर रामगढ़ जंगल के पास भारी चट्टान सड़क पर आ गिरी, जिसके चलते रामशहर-नालागढ़ सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सड़क पर मलबा और चट्टानें गिरने का खतरा बना हुआ है।
लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर गिरी चट्टान को जल्द हटाकर यातायात बहाल करने की मांग की है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई सड़कें प्रभावित हुई हैं और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।










