/राम मंदिर दान चोरी मामले पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

राम मंदिर दान चोरी मामले पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप।

शिमला, 14 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को हिमाचल प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अयोध्या के राम मंदिर के दान में कथित चोरी के विरोध में प्रदर्शन किया।

शिमला में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से राम मंदिर तक राम भजन गाते हुए विरोध मार्च निकाला गया।

जिला कांग्रेस कमेटी शहरी और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक आस्था से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले के दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है और जांच के नाम पर लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

राठौर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के दौरान देश-विदेश के लोगों ने श्रद्धापूर्वक दान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दान राशि में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में इसे ब्लॉक और गांव स्तर तक ले जाया जाएगा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।