/स्वाभिमान पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न।

स्वाभिमान पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न।

संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर मंथन

बिलासपुर, 19 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल के बिलासपुर जिले के पंजगई स्थित श्री रामानुज सर्वोदय विद्यापीठ में स्वाभिमान पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक परम पूजनीय स्वामी राम मोहन दास जी (राष्ट्रीय संरक्षक) की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में पार्टी के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशलेंद्र नारायण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन और हमीरपुर सहित विभिन्न जिलों से आए प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की तथा प्रदेश के प्रत्येक मंडल, खंड, प्रखंड और बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही प्राकृतिक संसाधन आधारित विकास, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संगठन विस्तार के तहत डॉ. अनील ठाकुर और डॉ. सुभाष मोहन सनेही को प्रदेश उपाध्यक्ष, डॉ. स्वरूप सिंह राणा को प्रदेश महामंत्री, जोगिंदर सिंह राणा को जिला अध्यक्ष (कांगड़ा) तथा बृजलाल शर्मा को जिला अध्यक्ष (बिलासपुर) मनोनीत किया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपने और नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।

प्रदेश अध्यक्ष के.एल. शर्मा ने कहा कि संगठन विस्तार पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक और मतदान केंद्र तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही सदस्यता अभियान, सम्मेलन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशलेंद्र नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि देश वर्तमान समय में अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बैठक में नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक, सोनम वांगचुक के अनशन तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

बैठक में हरीश ठाकुर, हेमंत शर्मा, प्रवीण कुमार, सीताराम, सतीश कुमार त्रिपाठी, हरिनारायण स्वामी, नरेंद्र शर्मा, रणधीर कुठरियार, अभिषेक कुमार, भोला प्रसाद, रणधीर कुमार, डॉ. मदन राणा, टिंकू शर्मा, अविनाश शर्मा, कल्याण शर्मा सहित विभिन्न जिलों से आए अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वाभिमान पार्टी आने वाले समय में प्रदेशभर में अपने संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए जनता के बीच एक प्रभावी राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।