/हिमाचल पुलिस की ‘School CONNECT’ पहल शुरू, बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों के साथ बनाएगी बेहतर तालमेल

हिमाचल पुलिस की ‘School CONNECT’ पहल शुरू, बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों के साथ बनाएगी बेहतर तालमेल

शिमला 5 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूलों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 2 नवंबर को ‘School CONNECT – School Safety & Student Protection Initiative’ की शुरुआत की।

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय शिमला में 27 स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

डीजीपी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की साझा जिम्मेदारी है। इस पहल के तहत स्कूलों में सीसीटीवी निगरानी, आगंतुकों की जांच, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा पर जोर दिया गया। बच्चों को अपहरण, यौन शोषण, बुलिंग और अन्य प्रकार के शोषण से बचाने के साथ POCSO अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में स्कूली बच्चों के परिवहन की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को निजी वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन करवाने और स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी देने की सलाह दी गई। वहीं, शिमला पुलिस को स्कूल खुलने और छुट्टी के समय यातायात कर्मियों की तैनाती तथा आसपास गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन 112 और साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 के प्रति विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अपराध, साइबर खतरों और नशे से बचाकर सुरक्षित स्कूल एवं सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना है।