शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक, पूर्व विधायक नंद लाल के निधन पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
शिमला 5 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
कोटखाई के होटल त्रिमूर्ति, गुम्मा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी
जुब्बल–नावर–कोटखाई की संगठनात्मक मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रोहित ठाकुर ने की। इस अवसर पर शिमला ग्रामीण संगठनात्मक जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर बुशहर के विधायक स्वर्गीय नंद लाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इसके उपरांत संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, विभिन्न जोन के प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








