28 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला, शिविर में लाभार्थियों का किया जाएगा चयन
बद्दी 5 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
उपमंडल रेड क्रॉस सोसाइटी बद्दी द्वारा सिविल अस्पताल बद्दी के सहयोग से 16 नवंबर, 2026 को प्रातः 10 बजे निःशुल्क सहायक उपकरण मूल्यांकन शिविर आयोजित किया जाएगा।

उपमंडलाधिकारी बद्दी एवं उपमंडल रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष संजीव धीमान ने बताया कि शिविर में पात्र वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुसार उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए मूल्यांकन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों का मूल्यांकन होगा।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर, कमोड वाली व्हीलचेयर, सुनने की मशीन, एल्बो बैसाखियां और छड़ियों सहित अन्य उपकरणों का आकलन किया जाएगा। वहीं, दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, सुनने की मशीन, बैसाखियां और अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए मूल्यांकन किया जाएगा।
संजीव धीमान ने बताया कि बद्दी में 28 से 30 नवंबर, 2026 तक जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इसी के तहत यह मूल्यांकन शिविर लगाया जा रहा है, ताकि चयनित पात्र लाभार्थियों को मेले के दौरान उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जा सकें।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र तथा पंचायत प्रधान द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। उनके लिए वार्षिक आय सीमा 2 लाख 70 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
वहीं, दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त पंचायत प्रधान द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र भी मान्य होगा, जिसमें वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक होनी चाहिए।
उपमंडलाधिकारी संजीव धीमान ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचकर मूल्यांकन करवाने और इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी बद्दी एवं तहसील कल्याण अधिकारी बद्दी से संपर्क किया जा सकता है।








