/गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर यात्रा की तैयारियों को लेकर कल कुमारहट्टी में बैठक

गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर यात्रा की तैयारियों को लेकर कल कुमारहट्टी में बैठक

शिमला 5 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पंजाब से वाराणसी तक प्रस्तावित भव्य यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 6 नवंबर को सोलन जिले के कुमारहट्टी स्थित होटल न्यू वैदिक में विशेष बैठक आयोजित होगी।

यह जानकारी राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री तथा अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सिकंदर कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र प्रभारियों, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन व सिरमौर के जिलाध्यक्षों सहित दोनों जिलों की जिला एवं मंडल स्तरीय टोलियां भाग लेंगी।

डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि यात्रा पंजाब से शुरू होकर चंडीगढ़ के रास्ते हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। बैठक में यात्रा के स्वागत, विभिन्न पड़ावों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

यात्रा के माध्यम से गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।