/भरमौर विधानसभा क्षेत्र को 175 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

भरमौर विधानसभा क्षेत्र को 175 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 26 परियोजनाओं के किए लोकार्पण एवं शिलान्यास

शिमला, 5 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को जिला चंबा के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लिल्ह कोठी में 175 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने 10.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भरमौर-बड़ग्राम वाया गागला से लूणी सड़क तथा 9.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सिरड़ी-सुपा सड़क के स्तरोन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग मंडल होली में 83 लाख रुपये की लागत से बने सार्वजनिक पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लिल्ह कोठी में 14.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए राजकीय आदर्श महाविद्यालय का उद्घाटन किया।

उन्होंने किलोड़-कुनेड़ सड़क पर बटोटू नाले पर 2.41 करोड़ रुपये से बने पुल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहला में 33 लाख रुपये से निर्मित चार कमरों तथा बेलज में 16 लाख रुपये की लागत से बने आयुर्वेदिक औषधालय को भी जनता को समर्पित किया।

कई सड़कों के निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए। इनमें डिबरी से ओहरा सड़क पर 6.77 करोड़ रुपये, झिकली कुगती से उपली कुगती सड़क पर 3.73 करोड़ रुपये, नयाग्राम से बजोल सड़क पर 11.26 करोड़ रुपये, हड़सर से बलमुई सड़क पर 9.51 करोड़ रुपये तथा लामू से क्वारसी सड़क पर 16.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसी प्रकार कांडी से कुठेर सड़क के लिए 11.98 करोड़ रुपये, उरई गांव से घटोर तक संपर्क सड़क के लिए 6.02 करोड़ रुपये, पट्टी से खुंड सड़क के लिए 4.76 करोड़ रुपये, खणी से अर्की सड़क के लिए 3.88 करोड़ रुपये तथा खड़ामुख से धजी सड़क के लिए 8.59 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

इसके अतिरिक्त ठठाण गांव के लिए 3.99 करोड़ रुपये, बकाणी से धरबेटा सड़क के लिए 8.84 करोड़ रुपये, लाहल से कुनेड़ सड़क के लिए 9.12 करोड़ रुपये, सुनारा-कुंडी-अंदरूंड सड़क के लिए 5.81 करोड़ रुपये, दुनाली से कलांस सड़क के लिए 6.03 करोड़ रुपये, गेहरा से मंधारा सड़क के लिए 7.17 करोड़ रुपये तथा गलथन से मस्सू सड़क के लिए 5.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी में 5.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 30 बिस्तरों की क्षमता वाले नए अस्पताल भवन की आधारशिला रखी।

इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उपतहसील धरवाला के नए भवन का शिलान्यास भी किया।
इन विकासात्मक परियोजनाओं के माध्यम से भरमौर क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।