प्राइवेट बसों और ट्रकों के तेज हॉर्न से लोग परेशान, ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की चुप्पी से उठ रहे सवाल।
बद्दी 5 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
त्यौहारी सीजन के दौरान बद्दी, नालागढ़ और बरोटीवाला क्षेत्रों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बद्दी पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर प्राइवेट बसों और ट्रकों द्वारा बेवजह तेज हॉर्न बजाकर फैलाए जा रहे ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई प्राइवेट बसों और ट्रकों के चालक लगातार तेज आवाज वाले हॉर्न बजाते हैं, जिससे बाजारों और सड़कों के आसपास रहने वाले लोगों, दुकानदारों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लोगों का आरोप है कि इस समस्या पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई न के बराबर दिखाई देती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर भी पुलिस की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।

उधर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, डीएसपी योगराज चंदेल तथा संबंधित पुलिस थानों के थाना प्रभारी भी विभिन्न क्षेत्रों में मौके पर रहकर यातायात प्रबंधन की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार भीड़भाड़ वाले स्थानों, संकरे मार्गों और जाम की आशंका वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक वॉलंटियर्स की भी सहायता ली जा रही है। इसके अतिरिक्त यातायात की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि पीक आवर्स के दौरान पुलिस का सहयोग करें और सड़कों पर अनावश्यक रूप से डबल या ट्रिपल लेन न बनाएं।

गलत दिशा से ओवरटेक करने, तेज गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनें तथा ट्रिपल राइडिंग न करें। चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग करें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। साथ ही एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को तुरंत रास्ता दें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा सड़क पर जाम या बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि त्यौहारों के दौरान आम जनता को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना बद्दी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों और ट्रैफिक वॉलंटियर्स का सहयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
हालांकि, क्षेत्र के लोगों की मांग है कि जिस तरह यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है, उसी तरह अनावश्यक रूप से तेज और कर्कश हॉर्न बजाने वाले प्राइवेट बसों तथा ट्रकों के चालकों के खिलाफ भी नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि त्यौहारी सीजन में लोगों को जाम के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण से भी राहत मिल सके।









