बीबीएन 6 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में दीपावली के पर्व के दौरान सरकारी कार्यालयों में उपहारों के आदान-प्रदान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि दीपावली की शुभकामनाओं की आड़ में कुछ उद्योगपतियों द्वारा सरकारी अधिकारियों और स्थानीय नेताओं को महंगे उपहार दिए जा रहे हैं। इन उपहारों को लेकर कथित तौर पर रिश्वतखोरी की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ सरकारी विभागों तक दीपावली के नाम पर महंगे उपहार पहुंचाए जाने की चर्चाएं हैं। आरोप यह भी हैं कि कुछ उद्योगपति स्थानीय नेताओं को खुश रखने के लिए उनके घरों और कार्यालयों तक महंगे तोहफे पहुंचा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती है।

इस पूरे मामले ने सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक विभाग तथा पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

एक ओर जहां आम नागरिक अपने छोटे-छोटे सरकारी कार्यों और समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभावशाली लोगों और उद्योगपतियों के बीच महंगे उपहारों के आदान-प्रदान की चर्चाएं व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही हैं।









