शिमला 23 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
शिमला पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लैपटॉप चोरी करने वाले आरोपी को चंडीगढ़ के मनीमाजरा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों लैपटॉप भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना ईस्ट, शिमला में 21 जुलाई 2026 को अभियोग संख्या 71/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता अमित, निवासी मल्याणा (जिला शिमला) ने शिकायत में बताया था कि उसके कमरे से तीन लैपटॉप चोरी हो गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना ईस्ट की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान कार्तिक सिंह (26 वर्ष) पुत्र संसार सिंह, निवासी निरमंड, जिला कुल्लू की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई 2026 को आरोपी को मनीमाजरा (चंडीगढ़) से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों लैपटॉप बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।








