/बद्दी पुलिस की अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, छह वाहन जब्त

बद्दी पुलिस की अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, छह वाहन जब्त

बद्दी, 17 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस जिला बद्दी द्वारा अवैध खनन में संलिप्त खनन माफिया के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत 16 व 17 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना नालागढ़, बद्दी तथा मानपुरा की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी, दो टिप्पर तथा तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

पुलिस थाना नालागढ़ क्षेत्र से एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर, जबकि पुलिस थाना बद्दी और मानपुरा क्षेत्र से एक-एक टिप्पर जब्त किया गया है। सभी वाहनों के चालान खनन अधिनियम के तहत कर आगामी कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान ने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि अवैध खनन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाना को दें, ताकि इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।