बद्दी, 29 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
पंचायत चुनावों के अंतिम चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए बद्दी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। इसी क्रम में पुलिस थाना नालागढ़, मानपुरा और बद्दी की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण इलाकों में एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च आयोजित किया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने का प्रयास किया।
पुलिस टीमों ने लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।

बद्दी पुलिस ने मतदाताओं से निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है और कहा है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







