/सुन्नी में नशे की रोकथाम को लेकर NCORD बैठक आयोजित

सुन्नी में नशे की रोकथाम को लेकर NCORD बैठक आयोजित

युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

शिमला(सुन्नी) 26 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा।

नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 23 सितंबर 2026 को एसडीएम सुन्नी की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय सुन्नी में NCORD के तहत बैठक आयोजित की गई।

मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में क्षेत्र में नशे की समस्या की रोकथाम, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

पुलिस विभाग को मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा संवेदनशील स्थानों पर गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। वहीं, युवक मंडलों को युवाओं को खेलकूद तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस एवं प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में थाना सुन्नी के पुलिस कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त एवं निगरानी बनाए रखने तथा नशे से संबंधित प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।