/विक्रमादित्य सिंह के नाम से कथित फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर भ्रामक पोस्ट साझा करने का मामला

विक्रमादित्य सिंह के नाम से कथित फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर भ्रामक पोस्ट साझा करने का मामला

शिमला, 26 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा

हिमाचल प्रदेश की राजनीति से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह के नाम से कथित फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर विभिन्न प्लेटफॉर्म की खबरें साझा किए जाने की बात कही गई है।

उनके कार्यालय की ओर से आरोप लगाया गया है कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए प्रदेश में भ्रम और राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में विक्रमादित्य सिंह के कार्यालय में विराज शर्मा से संपर्क करने पर बताया गया कि वह वर्तमान में विदेश प्रवास पर हैं। कार्यालय के अनुसार, उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर भ्रामक खबरें और अफवाहें प्रसारित की जा रही हैं।

कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल विक्रमादित्य सिंह के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर साझा की गई जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही किसी भी अप्रमाणित पोस्ट, संदेश या खबर को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।