प्रख्यात साहित्यकार प्रो. रणजोध सिंह रहे मुख्य अतिथि ।
बीबीएन 23 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला में हिंदी दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह ने की, जबकि संचालन हिंदी विभाग के मुख्य प्रवक्ता डॉ. श्याम सिंह ने किया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के प्रख्यात साहित्यकार प्रो. रणजोध सिंह मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ प्रो. सतविंदर सिंह और डॉ. कमल कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा डॉ. श्याम सिंह की शोध पुस्तक ‘आंचलिकता और राजेंद्र अवस्थी का कथा-साहित्य’ के लोकार्पण के साथ हुआ। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर निर्माण, नारा लेखन, निबंध लेखन, भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग की प्रवक्ता डॉ. पूनम चौहान ने ‘हिंदी साहित्य में नारी का योगदान’ विषय पर हिंदी में अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया तथा नारी गरिमा पर आधारित कविता भी सुनाई। प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह और प्रो. सतविंदर सिंह ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। प्रो. सतविंदर सिंह की भावपूर्ण कविता ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि प्रो. रणजोध सिंह ने विद्यार्थियों को हिंदी में लेखन के लिए प्रेरित करते हुए कविता और कहानी लेखन की बारीकियों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।









