/गुल्लरवाला में जिला स्तरीय रंग महोत्सव बाल मेले का आयोजन, 130 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

गुल्लरवाला में जिला स्तरीय रंग महोत्सव बाल मेले का आयोजन, 130 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

विधायक राम कुमार चौधरी ने किया विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित, स्कूल में परीक्षा भवन बनवाने का दिया आश्वासन

बद्दी (गुल्लरवाला) 30 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला में समग्र शिक्षा सोलन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय रंग महोत्सव बाल मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आठवीं कक्षा तक के लगभग 130 विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। रंग महोत्सव जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उनके अनुसार शिक्षा की गुणवत्ता के राष्ट्रीय आकलन में प्रदेश 23वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। प्राथमिक स्तर से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा तथा सीबीएसई पाठ्यक्रम अपनाने जैसी पहलें शिक्षा के स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।


विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बैचवाइज और कमीशन के माध्यम से लगभग तीन हजार शिक्षकों की भर्ती की गई है। इसके अलावा विद्यालयों में चौकीदार और चपरासी के पद भरने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।


उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बद्दी में राज्य स्तरीय खेल मैदान के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सीएसआर के माध्यम से परीक्षा भवन बनवाने का आश्वासन भी दिया।


प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
रंग महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता में पट्टा महलोग ब्लॉक के विनय सहगल ने प्रथम, कुठाड़ ब्लॉक की वंशिका ने द्वितीय तथा धर्मपुर ब्लॉक की बिंदु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


फोक सॉन्ग सोलो प्रतियोगिता में कंडाघाट ब्लॉक के अक्षत प्रथम, धर्मपुर ब्लॉक के नक्ष द्वितीय तथा पट्टा महलोग ब्लॉक की शिवान्या शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।


प्राथमिक वर्ग की फोक डांस ग्रुप प्रतियोगिता में धुंधन ब्लॉक की आकृति, सारिका और रेणुका ने प्रथम, सोलन ब्लॉक की आस्था और नितिका ने द्वितीय तथा कंडाघाट ब्लॉक की गौरी, निशिका और ऐश्वर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।


2-डी पेंटिंग प्रतियोगिता में कुठाड़ ब्लॉक की प्रियांशी राजपूत प्रथम, पट्टा महलोग ब्लॉक के लविश द्वितीय तथा रामशहर ब्लॉक की दीपिका तृतीय स्थान पर रही।


उच्च प्राथमिक वर्ग की फोक डांस ग्रुप प्रतियोगिता में सोलन ब्लॉक की खुशबू, भाविका, पूर्वांशी और गुरप्रीत ने प्रथम, कुठाड़ ब्लॉक की उर्वशी और नितिका ने द्वितीय तथा धर्मपुर ब्लॉक की दिव्या, तेजस्विनी, लक्ष्मी और वंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


वहीं रंगोली प्रतियोगिता में कुठाड़ ब्लॉक की महक और दिव्यांशी ने प्रथम, कंडाघाट ब्लॉक की दीपिका और हिमांशी ने द्वितीय तथा नालागढ़ ब्लॉक की रूपा और कीर्ति ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विधायक राम कुमार चौधरी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में समग्र शिक्षा सोलन डाइट की प्रिंसिपल ममता गुप्ता, उपनिदेशक क्वालिटी राजेंद्र वर्मा, कार्यक्रम समन्वयक मीनाक्षी शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला के प्रधानाचार्य शिव कुमार, स्थानीय प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं पूर्व पंच श्याम सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, कालूराम सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।