अंदरोला में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना,
नालागढ़ 30 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2029 में देश की जनता नरेंद्र मोदी को चौथी बार प्रधानमंत्री बनाएगी, जबकि हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की विदाई तय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठे वादों और गारंटियों के सहारे सत्ता में आई थी, लेकिन अब प्रदेश की जनता सरकार की कार्यशैली से निराश हो चुकी है।

जयराम ठाकुर आज शुक्रवार को नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंदरोला में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता दिल्ली में बैठकर केंद्र की भाजपा सरकार को गिराने के सपने देख रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का पूरा समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बार-बार अपने नेता को नए रूप में पेश करने का प्रयास करती है, लेकिन देश की जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार को राजनीतिक प्रतिशोध छोड़कर प्रदेश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार को इसका खामियाजा 2027 के विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कांग्रेस सरकार द्वारा बंद किए गए संस्थानों को जनहित में दोबारा खोला जाएगा। साथ ही कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में लिए गए जनविरोधी फैसलों की समीक्षा भी की जाएगी।

प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार लगातार कर्ज ले रही है, लेकिन विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहे।
उन्होंने प्रदेश की सड़कों की खराब हालत का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये का ऋण लेने के बावजूद विकास कार्यों में तेजी क्यों नहीं आ रही है।
अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके पांच वर्षों के कार्यकाल में अकेले नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए थे।
उन्होंने वर्तमान सरकार से सवाल किया कि नालागढ़ क्षेत्र में अब तक कितने विकास कार्य करवाए गए हैं।

कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने का वादा किया गया था, लेकिन अब इसका लाभ सीमित महिलाओं तक रह गया है। इसी तरह पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की गारंटी, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी के वादे भी पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में रोजगार से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब देने में भी असमर्थ है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के विकास की गति रोक दी है और जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रतनपाल, पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व विधायक विनोद चंदेल, राजेश कश्यप, अलका बस्सी और राजेश शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








