शिमला (जुब्बल) 5 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
शिमला जिले के जुब्बल उपमंडल के गांव दोची में गुरुवार को मुख्य सड़क के किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज 5 मार्च 2026 को कुलदीप निवासी तहसील जुब्बल ने थाना जुब्बल में सूचना दी कि गांव दोची में मुख्य सड़क के पास एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा हुआ है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान चंद्र बहादुर पुत्र दल बहादुर निवासी नेपाल, गांव मिहाना, डाकघर दोची, तहसील जुब्बल के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि वह स्थानीय निवासी दीपेंद्र के पास काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ने होली के अवसर पर अत्यधिक शराब का सेवन किया था। बताया गया है कि वह पिछले दिन सुबह से शराब के नशे में था और रात के समय भी ठेके से शराब की बोतल खरीदी थी।
पुलिस और डॉक्टरों द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में मेडिकल अधिकारी द्वारा भी शरीर का परीक्षण किया गया, जिसमें किसी प्रकार की चोट की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक शराब सेवन या नशे की हालत में गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में रहते हैं। उनके आने के बाद शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में पोस्टमार्टम किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








