/निचला भुड में जनसंवाद: विधायक राम कुमार चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।

निचला भुड में जनसंवाद: विधायक राम कुमार चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।

सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख की घोषणा।

बीबीएन/नालागढ़, 28 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत मलपुर के गांव निचला भुड में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुलियों, जल निकासी, सिंचाई और सामुदायिक भवन से जुड़ी विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं।

विधायक ने मौके पर कई शिकायतों का समाधान किया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने गांव में सड़क के आवश्यक पैचवर्क, पुलियों की मरम्मत और पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही। साथ ही सामुदायिक भवन की मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए विधायक ने सिंचाई टैंक के निर्माण और सिंचाई योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने लोदी माजरा में निर्माणाधीन बीज कलेक्शन सेंटर की जानकारी देते हुए कहा कि इसके शुरू होने से किसानों को बीज संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मलपुर के पूर्व प्रधान पोला राम, ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के पूर्व उपप्रधान हेमराज, पूर्व प्रधान हितेंद्र सोनू, वार्ड पंच मेघराज सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।