शिमला (नेरवा), 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
शिमला जिला के थाना नेरवा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 268 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस थाना नेरवा में एफआईआर संख्या 08/26, धारा 20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस पुलिस टीम फेडजीपुल में नियमित जांच के लिए नाका लगाए हुए थी। इसी दौरान उत्तराखंड नंबर की एक स्कूटी फेडजीपुल की ओर से आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर स्कूटी पर सवार दोनों युवक गुम्मा की तरफ भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा कर गुम्मा के पास दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 268 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज रावत पुत्र वीर सिंह, निवासी गांव धोतरी उडरी, तहसील डुंडा, जिला उत्तरकाशी (उत्तराखंड) तथा शिवम रावत पुत्र संतान सिंह रावत, निवासी मकान नंबर 73, गुरु रोड, न्यू बस्ती, पटेल नगर, देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी उत्तराखंड से चरस की खेप लाकर स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।









