/चौकीवाला में युवक का शव मिलने के मामले में भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई

चौकीवाला में युवक का शव मिलने के मामले में भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई

बद्दी पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ BNS के तहत मामला दर्ज किया

नालागढ़, 22 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत चौकीवाला स्थित ट्रक यूनियन के समीप 21 सितंबर को युवक का शव मिलने के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने कार्रवाई की है।

पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को चौकीवाला ट्रक यूनियन के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था।

जिस पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई की गई। युवक की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा कानूनी, चिकित्सकीय और वैज्ञानिक पहलुओं से अभी जांच की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कुछ व्यक्तियों द्वारा घटना को लेकर ऐसी पोस्ट प्रसारित की गईं, जिनमें युवक के शव का सिर अलग होने तथा घटना को हत्या के रूप में प्रस्तुत किए जाने संबंधी दावे किए गए।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित इन दावों की पुष्टि नहीं हुई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री का संज्ञान लेते हुए संबंधित पोस्ट तथा उनके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच की। जांच के बाद 22 सितंबर को संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाना नालागढ़ में BNS की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संवेदनशील मामले से संबंधित अपुष्ट, भ्रामक अथवा झूठी जानकारी को बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड न करें।
ऐसी सूचनाओं से आमजन में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।

पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी घटना से संबंधित सही एवं प्रमाणित जानकारी के लिए अधिकृत पुलिस माध्यमों और सत्यापित स्रोतों पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी सूचना को आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस निष्पक्ष, वैज्ञानिक और तथ्याधारित जांच के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानबूझकर भ्रामक या झूठी सूचना प्रसारित कर लोगों को भ्रमित करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।