शिमला, 18 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा के नामांकन के बाद अब उनकी संपत्ति के विवरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद विपक्ष और अन्य पक्षों ने उनके द्वारा प्रस्तुत हलफनामे पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में आरोप लगाए गए है कि अनुराग शर्मा ने नामांकन के दौरान अपनी संपत्ति से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई हैं।
इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के पास औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत में कहा गया है कि उम्मीदवार द्वारा दी गई संपत्ति की जानकारी अधूरी या भ्रामक हो सकती है, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन माना जाता है।
इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और विपक्ष ने कांग्रेस पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है।
वहीं, कांग्रेस की ओर से इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा गया है कि सभी आवश्यक जानकारी नियमों के अनुसार प्रस्तुत की गई है और विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दा उठा रहा है।










