बीबीएन, 27 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न संकट गहराता जा रहा है। डीजल खरीद से जुड़ी मौजूदा पाबंदियों और जटिल प्रक्रियाओं के चलते औद्योगिक उत्पादन प्रभावित होने लगा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नालागढ़ इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (एनआईए) ने शुक्रवार को होटल क्रॉसरोड में प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
एनआईए के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो इसका असर केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हजारों श्रमिकों के रोजगार, सप्लाई चेन, निर्यात और हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश, विशेषकर बीबीएन क्षेत्र की हजारों एमएसएमई और अन्य औद्योगिक इकाइयों के समक्ष खड़ी डीजल आपूर्ति की गंभीर समस्या का उल्लेख करते हुए मौजूदा व्यवस्था में तत्काल सुधार और उद्योगों को राहत देने की मांग की गई।
एसोसिएशन का कहना है कि डीजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं के कारण उत्पादन गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे उद्योगों की लागत बढ़ने के साथ-साथ समय पर आपूर्ति करना भी कठिन होता जा रहा है। एनआईए ने केंद्र सरकार से उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डीजल आपूर्ति व्यवस्था को सरल और सुचारु बनाने का आग्रह किया है।








