/बद्दी में नाले से युवक का शव बरामद ।

बद्दी में नाले से युवक का शव बरामद ।

बहन की शादी से महज छह दिन पहले भाई की लाश मिलने से हडकंप।

बद्दी/नालागढ़ 20 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कुलबिंद्र निवासी गांव ठेड़ा के रूप में हुई है।

खास बात यह है कि मृतक की बहन की शादी महज छह दिन बाद होने वाली थी, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलबिंद्र बुधवार दोपहर खेड़ा स्थित एक कंपनी में ड्यूटी के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

गुरुवार सुबह बद्दी पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि सिक्का होटल के पास नाले में एक युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कुलबिंद्र के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ के सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।